भिण्ड , जनवरी 25 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड के कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने निर्देश दिए है कि शहर में लगाए जाने वाले डस्टबिन की जिम्मेदारी कॉलेज छात्रों को सौंपी जाए। इसके तहत 120 छात्रों को चिन्हित किया गया है, जो इन डस्टबिनों के केयरटेकर होंगे।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिले के एमजेएस कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में श्री मीणा ने कहा कि शहर में लगाए जाने वाले डस्टबिन की जिम्मेदारी कॉलेज छात्रों को सौंपी जाए। इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन ने स्वच्छता और मतदाता जागरूकता को जोड़ते हुए एक नई पहल की शुरुआत की है। कार्यक्रम में श्री मीणा ने युवाओं को मतदान की शपथ दिलाई और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया।

कार्यक्रम में बताया गया कि भिण्ड नगर पालिका परिषद के माध्यम से शहर के विभिन्न स्थानों पर डस्टबिन लगाए जाएंगे। इनकी देखरेख की जिम्मेदारी कॉलेज के 120 छात्रों को सौंपी गई है। इन डस्टबिनों पर संबंधित छात्र का नाम अंकित किया जाएगा। ये छात्र न केवल डस्टबिन की देखरेख करेंगे, बल्कि आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित