चेन्नई , फरवरी 09 -- मानव ठक्कर मंगलवार से तमिलनाडु फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में शुरू हो रही डब्ल्यूटीटी स्टार कंडेंटर चेन्नई 2026 में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे।
टूर्नामेंट के पिछले संस्करण में सेमीफाइनल तक पहुंचने वाले मानव ठक्कर भारत की चुनौती की अगुवाई करेंगे। इसके अलावा अनुभवी खिलाड़ी सत्यन ज्ञानसेकरन और हरमीत देसाई भी पुरुष एकल मेन ड्रॉ में उनका साथ देंगे।
डब्ल्यूटीटी फीडर सीरीज वडोदरा 2026 के विजेता मानुष शाह और महिला एकल की दावेदार आयहिका मुखर्जी भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं, जबकि युवा खिलाड़ी यशस्विनी घोरपड़े, दिया चिटाले और स्नेहित सुरावज्जुला घरेलू धरती पर अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करेंगे।
यह टूर्नामेंट दूसरी बार है जब चेन्नई डब्ल्यूटीटी स्टार कंटेंडर टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा और भारत में आयोजित होने वाला यह चौथा ऐसा टूर्नामेंट है। बाकी दो टूर्नामेंट गोवा में हुए थे।
पिछले वर्ष प्रोफेशनल टेबल टेनिस से संन्यास लेने वाले दिग्गज टेबल टेनिस खिलाड़ी शरथ कमल के निर्देशन में इस टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। चेन्नई मीट में पुरुष और महिला एकल, युगल और मिश्रित युगल मुकाबले होंगे और यह नॉकआउट प्रारुप में खेला जाएगा। क्वालिफाइंग राउंड मेन ड्रॉ से पहले होंगे, जो 12 फरवरी को शुरू होगा।
इस टूर्नामेंट में 17 देशों के कुल 167 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे है जिनमें 90 भारतीय और 77 विदेशी पैडलर शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित