पटना , फरवरी 01 -- राजधानी पटना के जेपी गंगा पथ पर चलने वाली डबल डेकर बस को शहरवासी सैर, जन्मदिन या निजी पार्टी के लिये बुक कर गंगा घाट पर सैर का लुत्फ ले रहे हैं।
यह डबल डेकर बस दीघा घाट से कंगन घाट तक जेपी गंगा पथ पर संचालित होती है। ऊपरी डेक से 360 डिग्री का मनोरम नजारा, गंगा किनारे बहती ठंडी हवा और रास्ते में पड़ने वाले ऐतिहासिक स्थलों का दीदार इस यात्रा को खास अनुभव बनाता है। बस प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक चलती है। वहां पार्टी मनाने आये लोग पूरी पूरी बस चार हजार रूपये में बुक कर डेढ़ घंटे तक सैर का आनंद ले सकते हैं।
बस में कुल 40 सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें नीचे के डेक पर 20 वातानुकूलित सीटें और ऊपर के डेक पर 20 ओपन सीटें हैं। यात्रियों की सुविधा के लिये इसमें टॉयलेट, रेफ्रिजरेटर और एक गाइड की भी व्यवस्था की गई है। गाइड दीघा घाट से जेपी गंगा पथ गोलंबर, सभ्यता द्वार, दरभंगा हाउस, गांधी घाट, महात्मा गांधी सेतु, चित्रगुप्त मंदिर और कंगन घाट जैसे प्रमुख ऐतिहासिक और दर्शनीय स्थलों की जानकारी देता है।
सामान्य दिनों में यह बस आम पर्यटकों के लिये भी उपलब्ध रहता है। एक तरफ की सैर का किराया प्रति व्यक्ति 50 रुपये और दोनों तरफ का किराया 100 रुपये निर्धारित किया गया है। बिहार पर्यटन विकास निगम के आंकड़ों के अनुसार, सितंबर, 2025 से अब तक 4,370 पर्यटक इस डबल डेकर बस में सैर का आनंद ले चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित