लखनऊ , फरवरी 9 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों की सुरक्षा, विकास और समृद्धि की मजबूत गारंटी है। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेज़ी से आगे बढ़ रही है और देश अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है, जो 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर है।

सोमवार को लखनऊ के विशेश्वरैया सभागार में केंद्रीय बजट पर आयोजित व्यापारी सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और प्रदेश में औद्योगिक क्रांति का दौर चल रहा है। डबल इंजन सरकार पहले भी व्यापारियों के साथ खड़ी थी और आगे भी उनकी हर समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जीएसटी दरों में कमी को उन्होंने व्यापारी हितों में लिया गया एक बड़ा और सफल निर्णय बताया।

केशव प्रसाद मौर्य ने व्यापारियों से स्वदेशी अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वदेशी उत्पादन और खरीद से व्यापार बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और सरकारी राजस्व में वृद्धि होगी, जिसका लाभ सीधे विकास कार्यों में लगेगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश में बढ़ती पर्यटन गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे प्रदेश के व्यापारियों को व्यापक लाभ मिल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित