जयपुर , मार्च 11 -- राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश और देश में गहराते रसोई गैस संकट तथा कीमतों में हुई बढ़ोतरी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की डबल इंजन सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि इसकी बेरुखी से गरीब का चूल्हा बुझ रहा है।
श्री जूली ने बुधवार को अपने बयान में यह आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में 60 रुपये की वृद्धि कर आम आदमी की कमर तोड़ दी गई है वहीं दूसरी ओर वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित हो रही है। इस कुप्रबंधन के कारण प्रदेश भर में गैस की कालाबाज़ारी बढ़ती जा रही है लेकिन सरकार स्थिति को संभालने के बजाय हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर समस्या का समाधान ढूंढने के बजाय दिल्ली की ओर देखती रहती है कि वहां से कोई पर्ची आएगी, जबकि प्रदेश की जनता को राहत देने की जिम्मेदारी खुद राज्य सरकार की है।
श्री जूली ने कहा कि वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की किल्लत ने प्रदेश के लाखों छोटे व्यापारियों चाय की थड़ी लगाने वाले, ढाबा संचालक, छोटे होटल और रेस्टोरेंट चलाने वाले के सामने गंभीर आजीविका संकट खड़ा कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की यह डबल इंजन सरकार बड़े उद्योगपतियों के हितों को साधने में व्यस्त है जबकि गरीब और मध्यम वर्ग का चूल्हा बुझने की नौबत आ गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित