चंडीगढ़ , जनवरी 23 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दीनबंधु चौधरी छोटूराम के संघर्षों से किसान और मजदूर के जीवन में निर्णायक बदलाव आया। कृषि भूमि की रक्षा किसान की गरिमा और मेहनतकश की इज्जत उनके जीवन के मूल मंत्र थे। इन्हीं आदर्शों पर चलते हुए डबल इंजन सरकार किसानों के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को कुरुक्षेत्र स्थित अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला में बसंत पंचमी के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी तथा सांसद सुभाष बराला ने दीनबंधु सर छोटूराम और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला को 31 लाख रुपये तथा सांसद सुभाष बराला ने 21 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को बसंत पंचमी और दीनबंधु सर छोटूराम की जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका जीवन साहस, संवेदना और सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने किसानों को साहूकारों के शोषण से मुक्त कराने के लिए प्रभावी कानून बनाए और अन्यायपूर्ण व्यवस्थाओं के विरुद्ध संघर्ष किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में अनेक योजनाएं लागू की गई हैं। प्रदेश में 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर की जा रही है। सरकार ने अब तक फसल खराबे के मुआवजे के रूप में 15,448 करोड़ रुपये किसानों को दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित