श्रीगंगानगर , फरवरी 12 -- केंद्र सरकार के सहकारिता मंत्रालय और राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के संयुक्त तत्वावधान में इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर नई दिल्ली में आयोजित 52वीं डेयरी उद्योग सम्मेलन एवं प्रदर्शनी में रायसिंहनगर क्रय विक्रय सहकारी समिति (केवीएसएस) के अध्यक्ष राकेश ठोलिया ने शिरकत की।

श्री ठोलिया ने गुरुवार को राजस्थान में श्रीगंगानगर में बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उनके साथ पशुपालक एवं डेयरी संचालक प्रेम बाना भी उपस्थित रहे, जिन्होंने सम्मेलन की गतिविधियों में सक्रिय योगदान दिया।

उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन डेयरी क्षेत्र के विकास और चुनौतियों पर केंद्रित था, जिसमें देश भर से आए प्रमुख विशेषज्ञों, सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, उद्योग जगत के अग्रणी व्यक्तियों और नीति-निर्माता शामिल हुए। सम्मेलन के दौरान दुग्ध उत्पादन में आधुनिक तकनीकों का समावेश, दूध की गुणवत्ता में सुधार, मूल्य संवर्धित उत्पादों-जैसे दही, पनीर, आइसक्रीम आदि के विस्तार, निर्यात संभावनाओं की खोज और सहकारिता ढांचे को और अधिक सशक्त बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा और विचार-विमर्श हुआ। श्री ठोलिया ने बताया कि इन चर्चाओं का उद्देश्य डेयरी उद्योग को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना और किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करना था।

श्री ठोलिया ने बताया कि यहां से प्राप्त अनुभवों, तकनीकी जानकारियों और सर्वोत्तम प्रथाओं को स्थानीय स्तर पर लागू करके रायसिंहनगर एवं आसपास के दुग्ध उत्पादक किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है। साथ ही सहकारी व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाया जा सकता है, जिससे किसानों को बेहतर बाजार पहुंच और लाभ मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित