ठाणे , फरवरी 28 -- खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) की ओर से ठाणे के गावदेवी मैदान में आयोजित खादी-ग्रामोद्योग महोत्सव-2026 ग्रामीण सशक्तिकरण तथा खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों के संवर्धन के सात दशकों के समर्पित प्रयास की प्रदर्शनी आयोजित की गयी है।
आगामी छह मार्च तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में खादी की समृद्ध विरासत तथा लोकप्रिय ग्रामोद्योग उत्पादों की जीवंत झलक प्रस्तुत की जा रही है। इसका उद्घाटन एक भव्य उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि और ठाणे की महापौर शर्मिला पिंपलकर की उपस्थिति में केवीआईसी की मुख्य कार्यकारी रूप राशि ने किया । इस अवसर पर महाराष्ट्र राज्य केवीआईसी , मुंबई मंडल की मुख्य कार्यकारी अधिकारी गीतांजली बाविस्कर , अन्य अधिकारी, नगर सेवक और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
केवीआईसी सीईओ श्रीमती रूप राशि ने कहा, "ग्रामीण भारत को सशक्त बनाने के 70 वर्ष पूर्ण करते हुए आज खादी आर्थिक आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बन चुकी है। खादी की प्रत्येक खरीद ग्रामोद्योगों को सशक्त करती है और सीधे आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य में योगदान देती है।"उन्होंने कहा कि केवीआईसी के कामों में दो करोड़ लोगों को रोजगार मिला है । वर्ष 2024-25 में केवीआईसी की बिक्री 1.70 लाख करोड़ रुपये तक पहुँची है, जो भारत में कार्यरत बहुराष्ट्रीय कंपनियों की कुल बिक्री से अधिक है।
महापौर पिंपलकर ने स्थानीय नागरिकों से आग्रह किया कि वे अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर देश के विभिन्न राज्यों से आए कारीगरों का समर्थन करें। महापौर ने स्वयं भी चरखे पर सूत कातने का अनुभव लिया।
केवीआईसी महाराष्ट्र राज्य के निदेशक योगेश भामरे ने कहा, "खादी को ग्रामीण कारीगरों के सपनों और परिश्रम का प्रतीक बताया1 उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में 'वोकल फॉर लोकल' और 'आत्मनिर्भर भारत' जैसे राष्ट्रीय अभियानों के अनुरूप खादी क्षेत्र ने अभूतपूर्व विकास किया है ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में मदद की है।
इस कार्यक्रम में खादी फैशन शो का आयोजन भी किया गया, जिसमें पारंपरिक कारीगरी और आधुनिक डिजाइन का उत्कृष्ट समन्वय प्रस्तुत किया गया। उद्घाटन समारोह में स्वदेशी कारीगरी के प्रचार-प्रसार और 'वोकल फॉर लोकल' अभियान में योगदान देने वाले कई प्रमुख सामाजिक हस्तियों और प्रभावशाली व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित