पुणे , जनवरी 24 -- इंडिया अगेन्स्ट करप्शन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और एक प्रमुख ओबीसी नेता हेमंत पाटिल ने शनिवार को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के अध्यक्ष राज ठाकरे से मराठी पहचान और हिंदुत्व पर लचीला रुख अपनाने और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन करने की अपील की।
श्री पाटिल ने कहा कि महाराष्ट्र भर की जनता की यही इच्छा है कि दो प्रमुख क्षेत्रीय दल-उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना और राज ठाकरे के नेतृत्व वाली एमएनएस-भाजपा के साथ गठबंधन करें। उन्होंने कहा, "यदि भाजपा-शिवसेना-एमएनएस गठबंधन बनता है, तो इससे नए राजनीतिक समीकरण बनेंगे और राज्य का राजनीतिक परिदृश्य काफी हद तक बदल जाएगा।"कल्याण-डोम्बिवली नगर निगम में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को एमएनएस के समर्थन दिये जाने के बाद से राज ठाकरे आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं। हालांकि, शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की जन्मशताब्दी के अवसर पर, श्री राज ने एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए स्पष्ट किया कि उनका लचीला राजनीतिक रुख व्यक्तिगत स्वार्थों से प्रेरित नहीं है।
इस संदर्भ में, श्री पाटिल ने दोहराया कि श्री राज और श्री उद्धव ठाकरे दोनों को मराठी गौरव और मुंबई से संबंधित मुद्दों पर भाजपा के साथ मिलकर काम करना चाहिए।
श्री पाटिल ने यह भी तर्क दिया कि श्री बालासाहेब ठाकरे, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्रीय पार्टियों को दिशा प्रदान की, ने महाराष्ट्र में भाजपा को पोषण व मजबूती दी थी।
उन्होंने कहा कि भाजपा को अब ठाकरे परिवार के साथ गठबंधन करके और नए राजनीतिक गठबंधन बनाकर इसका जवाब देना चाहिए। पाटिल ने आगे कहा, "ऐसा गठबंधन मुंबई और राज्य भर के अन्य नगर निगमों में आगामी महापौर चुनावों में इन पार्टियों को मजबूती प्रदान करेगा।"श्री पाटिल ने प्रस्तावित गठबंधन के पीछे के इरादे को स्पष्ट करते हुए कहा कि इसे केवल सत्ता, राजनीति या आगामी नगर निगम चुनावों को एकजुट करने के कदम के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि महाराष्ट्र की "सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत" की रक्षा के लिए एक आवश्यक कदम के रूप में देखा जाना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित