जांजगीर-चांपा , मार्च 18 -- छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां स्कूल जा रही बच्चों से भरी वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकरा कर पलट गई। हादसे में वैन में सवार करीब 10 बच्चे घायल हो गए, जबकि एक शिक्षिका को भी चोटें आई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरस्वती ज्ञान मंदिर, कुथुर के छात्र-छात्राएं रोज की तरह वैन से स्कूल जा रहे थे। वैन मुड़पार गांव से बच्चों को लेकर स्कूल की ओर बढ़ रही थी, तभी यह दुर्घटना हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन पलट गई और उसमें सवार बच्चों को सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। बताया जा रहा है कि वैन में कुल 15 से अधिक बच्चे सवार थे। हादसे में स्कूल की महिला शिक्षिका भी घायल हुई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नियमित चालक के अनुपस्थित रहने के कारण वैन को स्कूल के प्राचार्य चला रहे थे।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित