भीलवाड़ा , अप्रैल 26 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के भीमगंज थाना क्षेत्र में तिलक नगर में रविवार दोपहर अवैध बजरी से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंगोली श्याम निवासी राकेश (21) और गोविंद दोपहर में बाजार से स्टेशनरी का सामान लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान इंपीरियल होटल के पास पीछे से आ रहे बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर राकेश के ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गोविंद को मामूली चोटें आई हैं।
सूत्रों ने बताया कि हादसे के बाद चालक ने भीड़ से बचने के लिए ट्रैक्टर की रफ्तार और बढ़ा दी। करीब 300 मीटर दूर एक मोड़ पर तेज स्पीड के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर-ट्रॉली बीच सड़क पर ही पलट गई। ट्रॉली पलटने से उसमें भरी अवैध बजरी सड़क पर बिखर गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव महात्मा गांधी अस्पताल के शवगृह में रखवाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित