मुरैना , अप्रैल 05 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की जौरा थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन चोरी के ट्रैक्टर बरामद किए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम राजाराम का पूरा अगरोता से चोरी किया गया ट्रैक्टर चोर पगारा डेम की ओर विक्रय के लिए ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने पीछा कर दो आरोपियों को चोरी के ट्रैक्टर सहित पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर दो और ट्रैक्टर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने कुल तीन ट्रैक्टर बरामद किए हैं।

बरामद ट्रैक्टरों की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी में प्रयुक्त एक कार भी जब्त की है। इनमें से एक ट्रैक्टर शिवपुरी जिले के नरवर क्षेत्र से चोरी किया गया बताया गया है। पुलिस आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित