भरतपुर , फरवरी 15 -- राजस्थान में भरतपुर के भुसावर थाना क्षेत्र में बझेरा खुर्द गांव में एक ट्रेलर के केबिन में रविवार को अचानक आग लग जाने से चालक बाल बाल बच गया।

दमकल सूत्रों ने बताया कि ट्रेलर चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा से सीमेंट के कट्टे भरकर लाया था। बझेरा खुर्द गांव में चालक ट्रेलर में सो रहा था कि अचानक केबिन में आग लग गई। कुछ जलने की गंध आने पर चालक की नींद खुल गई। उसने जब आग देखी तो वह तुरंत बाहर कूद गया।

सूत्रों ने बताया कि चालक के शोर मचाने पर तुरंत मौके पर ग्रामीण पहुंचे और ट्रेलर पर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस और दमकल को बुलाया गया। नदबई से आई दमकल ने आग पर काबू पाया। इस बीच ट्रेलर का केबिन पूरी तरह जल गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित