भीलवाड़ा , फरवरी 07 -- राजस्थान में भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक युवक ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार भीलवाड़ा निवासी शशिकांत अपने माता-पिता को ट्रेन में बिठाने के लिए रेलवे स्टेशन गया था। वह इंटरसिटी एक्सप्रेस में अपने माता-पिता को सीट पर बिठाकर उनका बैग रख ही रहा था कि अचानक ट्रेन चल पड़ी। चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में शशिकांत को जोर का झटका लगा और वह संतुलन खोकर प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ा।
उसके गिरते ही वहां मौजूद रेलवे कर्मचारियों और अन्य यात्रियों ने तत्काल शशिकांत को संभाला। गिरने की वजह से उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोटें आई हैं। उसे तुरंत एम्बुलेंस की मदद से महात्मा गांधी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसे भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है।
चिकित्सकों के अनुसार, युवक की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है। उसे उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित