उज्जैन , फरवरी 02 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा स्टेशन पर ट्रेन में एक पक्ष की महिलाओं से छेड़छाड़ की घटना के बाद दो पक्षों में आपसी विवाद हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कल रात दाहोद के एक परिवार के सदस्य एक नाबालिग की अस्थि विसर्जन के लिए दाहोद से मेमू ट्रेन से उज्जैन आ रहे थे। इस दौरान रतलाम से चढ़े दूसरे पक्ष के युवकों ने महिला से छेड़खानी की, जिस पर कहासुनी हो गई। सूचना के बाद कई लोग खाचरौद रेलवे स्टेशन पहूचे और ट्रेन के पहुंचते ही परिवार की महिलाओं के साथ जमकर मारपीट की। जैसे ही ट्रेन चली तो युवक भागने लगे, जिस पर यात्रियों ने कुछ युवकों को पकड़ लिया और नागदा में जीआरपी ने उतारा।
दोनों पक्षों के लोग स्टेशन के अंदर प्लेटफार्म पर और बाहर एकत्रित हो गए, जिसके बाद पुलिस ने मामले को संभाला। रात में भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया, जिसके बाद हालात काबू में आए । फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित