भरतपुर , अप्रैल 29 -- राजस्थान में धौलपुर में बुधवार सुबह दुर्ग (छत्तीसगढ़) से लुधियाना (पंजाब) जा रही नॉन-स्टॉपेज ट्रेन नंबर 15549 के जनरल कोच के ब्रेक पेडल में आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आग की जानकारी होने के बाद रेलवे स्टेशन के आउटर पर ट्रेन के रुकते ही यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए सामान सहित ट्रेन के डिब्बे से छलांग लगाना शुरू कर दिया। इससे अफरातफरी मच गई। हालांकि स्टेशन कर्मचारियों की सजगता से एक बड़ा हादसा टल गया।

रेलवे सूत्रों ने बताया कि पॉइंट्स मैन ने सुबह करीब छह बजे धुआं और आग निकलते देख तुरंत हरी झंडी की जगह लाल झंडी दिखाकर ट्रेन को रोकने का इशारा किया। इसकी सूचना तत्काल स्टेशन मास्टर और इंजीनियरों को दी गई। ट्रेन को स्टेशन के बाहरी क्षेत्र में रुकवाया गया और ट्रेन में मौजूद अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाई गई। बाद में कोच के ब्रेक पेडल की मरम्मत के बाद करीब साढ़े छह बजे ट्रेन को रवाना किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित