बारां , जनवरी 28 -- राजस्थान में बारां में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं राज्य वरिष्ठजन आयोग के पूर्व अध्यक्ष दिवंगत प्रेमनारायण गालव के पुत्र को ट्रेडिंग एप जरिये मुनाफा का झांसा देकर 93 लाख की ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

इस मामले में पुलिस ने संदिग्ध बैंक खातों में 20 लाख रुपये होल्ड कराकर 10 लाख रुपए की राशि वापस करायी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बुधवार को बताया कि पीड़ित विष्णु गालव ने साईबर अपराध थाना में निवेश का झांसा देकर उससे 93 लाख रुपये की ठगी किये जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने इस मामले की जांच के लिये पुलिस दल का गठन किया। दल ने जांच के बाद बाद उत्तर प्रदेश के झांसी के राजेश कुमार कुशवाहा (39) को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने 10 प्रतिशत कमीशन के लालच में आधार पर अपना बैंक खाता मुख्य आरोपियों को इस्तेमाल के लिये दिया था। उसके बैंक खाते में विष्णु गालव से ठगी गई राशि में से 15 लाख 20 हजार रुपये जमा होना पाया गया। पुलिस ने राजेश की ठगी की राशि से खरीदी गई कार भी जब्त कर ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित