रांची , अप्रैल 11 -- झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भाजपा के लगाए गए आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने विपक्ष के आरोपों को निराधार और भ्रामक बताया है। ट्रेज़री से अवैध निकासी 14 साल पहले भाजपा की सरकारों में शुरू हुआ। भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में खूब फलाफूला। तब किसी ने गड़बड़ी नहीं पकड़ी।

जनता के पाई पाई का हिसाब किताब रखने वाले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हिम्मत दिखाई और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए और पूरे मामले को जनता के सामने लाने वाली सरकार पर आरोप लगाने से पहले भाजपा नेताओं को जान लेना चाहिए कि हेमंत सोरेन पूरा सच सामने लाएंगे। मामले की जड़ तक हेमंत सरकार जाएगी। जल्द ही भाजपा के कई नेताओं का चाल, चरित्र और चेहरा बेनकाब होगा। बस थोड़ा इंतजार कीजिए...श्री पांडेय ने कहा कि भाजपा बिना तथ्यों के आधार पर राज्य सरकार की आरोप लगाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस मामले को लेकर विपक्ष शोर मचा रहा है, उसकी जांच राज्य सरकार के स्तर पर गंभीरता से की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

श्री पांडेय ने यह भी कहा कि भाजपा को अपने शासनकाल के दौरान हुए मामलों को याद करना चाहिए, जब कई बड़े घोटाले सामने आए थे। वर्तमान हेमंत सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांतों पर काम कर रही है और किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच एजेंसियां स्वतंत्र रूप से काम कर रही हैं और आवश्यकता पड़ने पर आगे की कार्रवाई पर भी विचार किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित