अहमदाबाद , जनवरी 31 -- गुजरात के अहमदाबाद में ट्रांसस्टेडिया यूनिवर्सिटी ने पहले दीक्षांत समारोह में 31 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की।

दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए ट्रांसस्टेडिया यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट उदित शेठ ने कहा, " आज के स्नातक केवल डिग्रीधारी नहीं हैं, बल्कि वे विचारशील, नवाचार करने वाले और जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज में योगदान देने के लिए तैयार हैं। भविष्य उन्हीं का है, जिनके पास ज्ञान के साथ- साथ उद्देश्य की स्पष्टता, अनुकूलन क्षमता और परिवर्तन का नेतृत्व करने की शक्ति है। "इस अवसर पर स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित किया गया तथा उनके व्यावसायिक जीवन की नयी शुरुआत केलिए शुभकामना दी गयी।

श्री शेठ ने कहा, " ट्रांसस्टेडिया यूनिवर्सिटी अनुभवात्मक शिक्षा, उद्योग से जुड़ाव और मूल्य-आधारित नेतृत्व के साथ शैक्षणिक उत्कृष्टता का एक अनूठा समन्वय प्रस्तुत करती है। हमें गर्व है कि हमने अपने विद्यार्थियों को उनके करियर के लिए आत्मविश्वास और क्षमताओं से सशक्त बनाया है। "यूनिवर्सिटी के प्रोवोस्ट डॉ आदिल सुमारिवाला ने कहा, " जब खेल, शिक्षा, तकनीक और नेतृत्व को एक साथ जोड़ने वाली संस्था की कल्पना की गयी थी, तब यह कई लोगों को असामान्य और महत्वाकांक्षी लगी थी, लेकिन आज यह छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए एक सशक्त शैक्षणिक ढांचे के रूप में स्थापित हो चुकी है। "उन्होंने छात्रों को संदेश देते हुए कहा, " आज प्राप्त की गयी डिग्री केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है। दुनिया को ऐसे पेशेवरों की आवश्यकता है जो जिज्ञासु, नैतिक, दृढ़ और समाज के लिए उपयोगी हों। यदि आप कड़ी मेहनत करते हैं और प्रक्रिया पर विश्वास रखते हैं, तो सफलता निश्चित रूप से आपके कदम चूमेगी। "डॉ सुमारिवाला ने भारत की वर्ष 2036 में ओलंपिक खेलों के आयोजन की महत्वाकांक्षा का उल्लेख करते हुए कहा, " आने वाले वर्षों में खेल, शिक्षा और उद्योग के क्षेत्र में नयी प्रणालियों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध युवा नेताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। "इस अवसर पर फैकल्टी सदस्य, यूनिवर्सिटी नेतृत्व, विद्यार्थियों के परिजन और आमंत्रित अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव मनाया और उन्हें ईमानदारी, नवाचार और जिम्मेदारी के मूल्यों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित