श्रीगंगानगर , मार्च 19 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में ट्रांसपोर्टनगर बचाओ, मुख्य बस स्टैंड बनाओ संघर्ष समिति ने राज्य सरकार से 17 वर्ष पहले अधिग्रहीत भूमि पर ट्रांसपोर्टनगर एवं मुख्य बस अड्डे के लिए बजट जारी नहीं करने पर गुरुवार की शाम सूरतगढ़ रोड पर किसान चौक के निकट कैंडल मार्च निकालकर रोष जताया।
नगर विकास न्यास द्वारा सूरतगढ़ रोड स्थित अधिग्रहीत भूमि ट्रांसपोर्टनगर पर बस स्टैंड का नक्शा जारी कर दिया गया है, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं होने से आमजन में भारी आक्रोश है।समिति ने सरकार से मांग की कि आगामी बजट में श्रीगंगानगर के लिए नए बस अड्डे और ट्रांसपोर्टनगर की घोषणा करके पर्याप्त बजट आवंटित किया जाए।
समिति के अध्यक्ष रामफल बिश्नोई ने कहा कि राज्य सरकार से बजट स्वीकृत करवाकर तुरंत निर्माण कार्य शुरू किया जाये ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
किसान नेता सुभाष मोयल ने कहा कि श्रीगंगानगर शहर का विस्तार करीब 15 किलोमीटर तक हो चुका है, ऐसे में बस स्टैंड को शहर से बाहर स्थापित करना अत्यंत आवश्यक हो गया है। मास्टर प्लान संघर्ष समिति के अध्यक्ष राकेश जोशी ने कहा कि बस अड्डे का निर्माण मास्टर प्लान के अनुरूप ही किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित