वॉशिंगटन/काराकस , जनवरी 12 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक तस्वीर साझा की है जिसमें उन्होंने खुद को वेनेजुएला का "कार्यवाहक राष्ट्रपति" भी बताया है।

साझा की गई तस्वीर एक विकिपीडिया पेज का डिजिटल रूप से संपादित स्क्रीनशॉट है। इसमें श्री ट्रम्प को जनवरी 2026 से पदस्थ लिखा गया है। इसके अलावा इस तस्वीर में उन्हें अमेरिका के 45वें और 47वें राष्ट्रपति के रूप में भी दर्शाया गया है।

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिकी सेनाओं के अगवा किए जाने के बाद श्री ट्रम्प ने कहा था कि अमेरिका फिलहाल वेनेजुएला का "संचालन" तब तक करेगा, जब तक कि एक "सुरक्षित, उचित और विवेकपूर्ण सत्ता समाधान " सुनिश्चित नहीं हो जाता। श्री ट्रंप ने जोर देकर कहा कि अमेरिका देश का नियंत्रण ऐसे किसी भी व्यक्ति के हाथ में जाने का जोखिम नहीं उठा सकता, जिसके मन में वेनेजुएला के लोगों के प्रति नेक इरादे न हों।

अमेरिकी फौजें श्री मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस को हिरासत में लेने के बाद विमान से न्यूयॉर्क लायी थीं। उन पर 'नार्को-टेररिज्म' (नशीले पदार्थों से जुड़े आतंकवाद) और इसकी साजिश रचने के औपचारिक आरोप लगाए गए हैं।

इस चौंकाने वाले घटनाक्रम के बाद वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति और तेल मंत्री डेल्सी रोड्रिग्ज ने पिछले सप्ताह देश की अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित