मुरैना , मार्च 14 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक चरवाहे युवक की मौत हो गई। वह बकरियां चरा रहा था इस दौरान पहले बकरी और बाद में युवक को ट्रक ने कुचल दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसा जिले के पहाड़गढ़ थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब चरवाहा युवक सोनू धोबी (25) सड़क किनारे अपनी बकरियां चरा रहा था। उसी दौरान केलारस की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी एक बकरी को कुचल दिया।
बताया गया है कि जब सोनू ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने ट्रक को उसके ऊपर चढ़ा दिया। इससे युवक ट्रक के नीचे फंस गया। युवक द्वारा चालक को जोर-जोर से आवाज देकर ट्रक रोकने के लिए कहा गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और वह ट्रक में फंसे युवक को करीब पच्चीस किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल पहाड़गढ़ पुलिस को दी। पुलिस ने ट्रक का पीछा कर ग्राम किसरोली के समीप रोककर चालक को वाहन सहित पकड़ लिया। वही अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित