हरदोई , जनवरी 15 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के कोतवाली शहर क्षेत्र में कोहरे के बीच ट्रक की चपेट में आने से ई रिक्शा सवार दो छात्रों की मृत्यु हो गयी जबकि एक अन्य घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोतवाली शहर क्षेत्र के सधई बेहटा के निकट अमृत सरोवर के पास गुरुवार की सुबह करीब 6:30 बजे में सामने से तेज रफ्तार ट्रक ने ई रिक्शा में टक्कर मार दी। इससे ई रिक्शा सवार बीएससी के छात्र लखनऊ जनपद के मोहल्ला जानकीपुरम निवासी हर्ष शर्मा, दिल्ली के डी 278/1 ओखला गांव जामिया नगर ओखला साउथ निवासी असद अहमद व बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के सहजन गांव निवासी अमर प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गए। यह लोग यहाँ एक कालेज में परीक्षा देने आये थे और अपने कॉलेज जा रहे थे।
घटना की सूचना पाकर शहर पुलिस मौके पर पहुंची तीनों घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर डॉक्टर ने हर्ष शर्मा असद अहमद को मृत घोषित कर दिया जबकि अमर प्रताप को बेहतर उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित