भरतपुर , मार्च 14 -- राजस्थान में गंगापुर सिटी में शनिवार को दोपहर एक ओवरलोड ट्रक की टक्कर से बिजली का एक ट्रांसफार्मर गिरकर आग की लपटों में घिर गया।
इस घटना से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप हो गयी। सूचना मिलने पर बिजली निगम के अभियंता, निगमकर्मियों और दमकल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। बिजली निगम के सूत्रों ने बताया कि कुरैशी ट्रांसपोर्ट पर सामान लेकर आया ट्रक बिजली के खंभों से टकरा गया, जिससे दोनों खंभे टूट गये और उन पर रखा ट्रांसफार्मर जमीन पर गिर गया। ट्रांसफार्मर से तेल रिसने के कारण तुरंत आग भड़क उठी। समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया। बिजली निगम की ओर से ट्रक मालिक और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित