वाशिंगटन , अप्रैल 04 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गृह सुरक्षा विभाग (डीएचएस) के कर्मचारियों को वेतन देने के लिए अधिकारियों को समाधान खोजने का निर्देश दिया है, क्योंकि कांग्रेस में गतिरोध के चलते करीब दो महीने से वित्तीय संकट बना हुआ है।

श्री ट्रंप ने जारी ज्ञापन में डीएचएस प्रमुख मार्कवेन मलिन और बजट कार्यालय के निदेशक रसेल वाउट को विभागीय कार्यों से संबंधित उपलब्ध संसाधनों की पहचान कर उनका उपयोग वेतन भुगतान के लिए करने को कहा है। इसमें धन के स्रोत या कानूनी प्रक्रिया का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है।

राष्ट्रपति ने इस स्थिति को राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ते हुए डेमोक्रेट्स को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि कर्मचारियों के साथ ऐसा व्यवहार समाप्त होना चाहिए, ताकि देश की सुरक्षा और आपात स्थितियों से निपटने की क्षमता प्रभावित न हो।

रिपोर्टों के अनुसार, हाल के महीनों में 35 हजार से अधिक कर्मचारी वेतन से वंचित रहे हैं, जिनमें तटरक्षक बल के असैनिक कर्मचारी, आपदा प्रबंधन एजेंसी और साइबर सुरक्षा एजेंसी के कर्मी शामिल हैं। कुछ विभागों में वैकल्पिक प्रबंधों के तहत वेतन भुगतान जारी रहा है। प्रवासन से जुड़े विभागों के कुछ कर्मचारियों तथा हवाई अड्डों की सुरक्षा से जुड़े कर्मियों को भी पूर्व स्वीकृत प्रावधानों या विशेष कार्यवाही के तहत वेतन मिलता रहा है।

यह वित्तीय संकट फरवरी के मध्य में शुरू हुए कांग्रेस के गतिरोध से जुड़ा है, जिसका मुख्य कारण प्रवासन नीति को लेकर मतभेद बताया जा रहा है। इस बीच सीनेट में आंशिक सहमति बनी है, लेकिन प्रतिनिधि सभा में अभी निर्णय शेष है, जिससे स्थिति अनिश्चित बनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित