भिंड , मार्च 17 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर-भिण्ड-इटावा नेशनल हाईवे-719 के बरेठा टोल प्लाजा में हुई तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने बहुजन समाजवादी पार्टी नेता रक्षपाल सिंह राजावत सहित 2-3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

कल के इस मामले का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें सैकड़ों की संख्या में मौजूद भीड़ पुलिस से बहस और उपद्रव करते नजर आ रही है।

दरअसल ग्वालियर-भिण्ड-इटावा नेशनल हाईवे-719 के चौड़ीकरण की मांग को लेकर कल ग्वालियर-भिण्ड बॉर्डर स्थित बरेठा टोल प्लाजा पर विरोध प्रदर्शन हुआ था। "नो रोड, नो टोल" आंदोलन के दौरान भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने टोल के कंट्रोल रूम में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की थी। उपद्रवियों ने बाहर आकर कंप्यूटर, कैमरे और सेंसर डिवाइस को भी नुकसान पहुंचाया। मामले का आज सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसके बाद महाराजपुरा थाना पुलिस ने बसपा नेता रक्षपाल सिंह राजावत सहित 2-3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

बताया जा रहा है कि हंगामे के दौरान जब पुलिस अधिकारियों ने बसपा नेता को रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिसकर्मियों पर भी भ्रष्टाचार से जुड़ी टिप्पणी की।

ग्वालियर-भिण्ड-इटावा हाईवे को लेकर इन दिनों माहौल काफी गर्म है। पिछले दो-तीन वर्षों में इस मार्ग पर सैकड़ों लोगों की सड़क हादसों में जान जा चुकी है जिसके चलते भिण्ड क्षेत्र से लगातार इसे सिक्स लेन बनाने की मांग उठ रही है। इस मांग की शुरुआत साधु-संतों ने की थी जो अब बड़े आंदोलन का रूप ले चुकी है और दिन-ब-दिन तेज होती जा रही है। कुछ समय पहले व्यक्तिगत रंजिश के चलते बदमाशों ने ग्वालियर-भिण्ड बॉर्डर स्थित बरैठा टोल पर फायरिंग कर इस मुद्दे को और हवा दी थी।

वहीं कल संत समाज और आम लोगों ने बरैठा टोल पर नो रोड-नो टोल आंदोलन करते हुए यज्ञ किया। हालांकि इस दौरान टोल से वाहनों को बिना शुल्क निकाले जाने के बीच कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और उत्पात मचा दिया। हंगामे के दौरान टोल प्लाजा पर लगे कैमरे, सेंसर और कंप्यूटर में तोड़फोड़ की गई।

महाराजपुरा थाना पहुंचकर टोल मैनेजर अमित सिंह राठौर ने पुलिस को बताया कि घटना दोपहर करीब 1.30 बजे की है। उस समय वह टोल के कंट्रोल रूम में मौजूद थे। इसी दौरान रक्षपाल सिंह राजावत नामक व्यक्ति अपने 2-3 साथियों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। उसने कहा कि उनकी गाड़ियों से टोल क्यों वसूला जा रहा है जबकि उन्हें टोल फ्री किया जाना चाहिए। साथ ही धमकी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो कंप्यूटर और कैमरे तोड़ दिए जाएंगे। टोल मैनेजर द्वारा समझाने और रोकने का प्रयास करने पर रक्षपाल और उसके साथियों ने बाहर बूथ नंबर-2 पर पहुंचकर कंप्यूटर, कैमरे और सेंसर में तोड़फोड़ कर दी।

जांच में सामने आया है कि जिस रक्षपाल सिंह राजावत के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है वह बहुजन समाज पार्टी से जुड़ा नेता है। वर्ष 2023 में उसे भिण्ड विधानसभा सीट से पार्टी का टिकट भी मिला था और उसने चुनाव प्रचार शुरू कर दिया था लेकिन नामांकन से पहले ही पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व ने प्रत्याशी बदल दिया था। बताया जा रहा है कि रक्षपाल सिंह राजावत मूल रूप से प्रॉपर्टी और रेत के कारोबार से जुड़ा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित