लॉस एंजिल्स , फरवरी 24 -- ऑस्कर विजेता अभिनेता टॉम हैंक्स 'स्टारबर्न्स इंडस्ट्रीज' निर्मित फिल्म 'लिंकन इन द बार्डो' में राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन की भूमिका निभाने को तैयार हैं।

वैराइटी ने जानकारी दी कि मुख्य भूमिका निभाने के अलावा हैंक्स अपने 'प्लेटोन लेबल' के माध्यम से अपने पुराने साथी गैरी गोएत्जमैन के साथ मिलकर इस प्रोजेक्ट का निर्माण भी करेंगे।

फिल्म में अभिनय करने के साथ-साथ हैंक्स इसके निर्माता भी होंगे। वह अपने साथी गैरी गोएत्जमैन और 'प्लेटोन लेबल' के साथ मिलकर इसे बनायेंगे। यह फिल्म जॉर्ज सॉन्डर्स के मशहूर उपन्यास पर आधारित है। सॉन्डर्स खुद इसकी पटकथा लिख रहे हैं। फिल्म का निर्देशन ऑस्कर-नामित ड्यूक जॉनसन (एनोमालिसा) करेंगे।

टॉम हैंक्स ने पहले भी कई फिल्मों में वास्तविक चरित्र को निभाया है। उन्होंने 'अपोलो 13' में अंतरिक्ष यात्री जिम लोवेल और 'सुली' में पायलट चेस्ली सुलेनबर्गर की भूमिका निभायी थी। 'द पोस्ट' में संपादक बेन ब्रैडली और 'सेविंग मिस्टर बैंक्स' में वॉल्ट डिज्नी का किरदार भी निभाया। लेकिन यह उनकी करियर में पहली बार है जब वह किसी अमेरिकी राष्ट्रपति की भूमिका करेंगे।

वैराइटी के अनुसार, लिंकन पर बनी ज्यादातर फिल्में गृहयुद्ध या उनकी हत्या पर आधारित होती हैं, लेकिन 'लिंकन इन द बार्डो' की कहानी अलग है। यह फिल्म राष्ट्रपति और उनके 11 साल के दिवंगत बेटे के रिश्तों पर केंद्रित है।

इस फिल्म में स्टॉप-मोशन एनिमेशन और लाइव-एक्शन दोनों का इस्तेमाल होगा। यह कहानी प्यार और सहानुभूति जैसे विषयों को दिखायेगी। इसमें अकल्पनीय दुख के बीच मानवीय क्षमता को भी परखा जायेगा। इस फिल्म में जीवित और मृत, दोनों तरह के ऐतिहासिक और काल्पनिक पात्रों की एक बड़ी शृंखला होगी।

ड्यूक जॉनसन, पॉल यंग और डेवन यंग राबिनोविट्ज 'स्टारबर्न्स इंडस्ट्रीज' के लिए इस प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। इस स्टूडियो ने हाल ही में एक नया फिल्म फंड शुरू किया है। यह उस फंड के तहत बनने वाली पहली फिल्म है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित