अलवर , फरवरी 04 -- राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में चौकी बास गांव में मंगलवार की सुबह एक दुकान पर टॉफी लेने गई तीन वर्ष की बच्ची के टॉफी खाने पर मुंह में हुए विस्फोट के मामले की जांच करने बुधवार को पुलिस अधिकारी और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) का दल मौके पर पहुंचा।

दुकानदार ने इस बात से इन्कार किया है कि उन्होंने किसी तरीके की कोई ऐसी टॉफी दी जो उसको नुकसान पहुंचा सके। उसने कहा कि यहां से तो वह टॉफी भी लेकर नहीं गई बल्कि एक पेप्सी की बोतल लेकर गई थी और दो नहीं बल्कि तीन लड़कियां आई थी और यहां से जाने के बाद इन्होंने क्या किया हमें पता नहीं । दूसरी और लड़की के नाना रविंद्र और मौसी ने दुकानदार पर आरोप लगाया कि जमीन को लेकर पुरानी रंजिश के चलते इसने हमारी बच्ची के साथ ऐसी हरकत की है।

पुलिस अधीक्षक पिंटू कुमार ने कहा कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आज एफएसएल दल जांच कर रहा है। बच्ची की हालत अब सही है। पुरानी रंजिश को लेकर भी बात आई है उसकी भी जांच कर रही है। लड़की से भी नमूना लिया जाएगा। आखिर इस हादसे के पीछे क्या वस्तु उपयोग की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित