सागर , मई 6 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले में ऑनलाइन टूर पैकेज के नाम पर 9 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय आरोपी को मोतीनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सुभाषनगर वार्ड निवासी अजय माखीजा ने थाना मोतीनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कपड़ों की दुकान संचालित करता है। 3 सितंबर 2025 को मित्रों के साथ वियतनाम घूमने की योजना बनाते हुए उसने इंटरनेट पर टूर पैकेज की जानकारी ली, जहां उसे "लवफार माउट" नामक कंपनी की आईडी मिली।
आईडी संचालित करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम राकेश विष्ट बताकर फरियादी को भरोसे में लिया और टूर पैकेज उपलब्ध कराने के नाम पर अलग-अलग किश्तों में कुल 9 लाख 6 हजार 800 रुपए की राशि प्राप्त कर ली। इसके बाद उसने कोई सेवा उपलब्ध नहीं कराई और संपर्क बंद कर दिया।
प्रकरण में प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। सघन पतारसी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी राकेश विष्ट निवासी जिला अल्मोड़ा (उत्तराखंड) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने धोखाधड़ी करना स्वीकार किया है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित