फिरोजाबाद , जनवरी 31 -- टूंडला रेलवे स्टेशन पर शनिवार को नॉर्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन के बैनर तले रनिंग स्टाफ ने अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने टूंडला के स्थान पर आगरा के क्रू स्टाफ की ड्यूटी लगाए जाने का विरोध जताया।
यूनियन के मंडल उपाध्यक्ष ओमवीर सिंह और मंत्री जय किशन अजवानी ने बताया कि आगरा ईदगाह से बांदीकुई जाने वाली ट्रेन में पूर्व में टूंडला के ड्राइवर और सहायक ड्राइवर तैनात रहते थे, लेकिन हाल में अधिकारियों ने उनकी जगह आगरा के क्रू स्टाफ की ड्यूटी लगा दी है। इस निर्णय का पहले भी विरोध किया गया, किंतु कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर कर्मचारियों को धरना देने के लिए बाध्य होना पड़ा।
धरने की सूचना पर अभियंता परिचालन टूंडला प्रतीक यादव मौके पर पहुंचे और यूनियन पदाधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर मामले में उचित निर्णय लेकर टूंडला के स्टाफ के साथ न्याय किया जाएगा।
यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित