मुंबई , जनवरी 12 -- सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की देश की सबसे बड़ी कंपनी टीसीएस का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में 8.5 प्रतिशत बढ़कर 13,438 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

कंपनी ने अंतरिम और विशेष लाभांश मिलाकर 57 रुपये प्रति शेयर लाभांश की भी घोषणा की है। इसमें 11 रुपये का अंतरिम लाभांश और 46 रुपये का विशेष लाभांश शामिल है। लाभांश का भुगतान 03 फरवरी 2026 को किया जायेगा।

टीसीएस द्वारा सोमवार को जारी तिमाही वित्तीय परिणामों में बताया गया है कि अक्टूबर-दिसंबर में उसका कुल राजस्व 67,087 करोड़ रुपये रहा जो सालाना आधार पर दो प्रतिशत अधिक है।

एआई सेवाओं से उसे एक साल में 1.8 अरब डॉलर का राजस्व प्राप्त हुआ। कंपनी ने तिमाही में 9.3 अरब डॉलर के अनुबंध हासिल किये।

टीसीएस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक के. कृतिवासन ने कहा, "एआई आधारित प्रौद्योगिकी सेवा में हम दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी बनने की अपनी आकांक्षा की तरफ बढ़ रहे हैं। हमारी एआई सेवा का सालाना राजस्व 1.8 अरब डॉलर रहा है।"तीसरी तिमाही के दौरान प्रति शेयर कंपनी की आय 37.14 रुपये रही जो दूसरी के 35.67 रुपये से अधिक है।

टीसीएस का शेयर सोमवार को 27.70 रुपये यानी 0.86 प्रतिशत बढ़कर 3,235.70 रुपये पर बंद हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित