पुड्डचेरी , अप्रैल 04 -- तमिलगा वेट्ट्री कज़गम (टीवीके) के संस्थापक एवं अभिनेता विजय ने शनिवार को केंद्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए टीवीके के 28 उम्मीदवारों और गठबंधन सहयोगी नेयम मक्कल कज़गम (एनएमके) के दो उम्मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार किया।
श्री विजय को कुछ शर्तों के साथ पुड्डुचेरी में चार स्थानों पर चुनाव प्रचार करने की अनुमति दी गयी है। इनमें चुनाव प्रचार अपराह्न 1:30 बजे से पहले समाप्त होना चाहिए, अन्य राज्यों से पार्टी कार्यकर्ता पुड्डुचेरी नहीं आ सकते, बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी जैसी शर्तें शामिल हैं।
वह आज पूर्वाह्न 10:30 बजे पुड्डुचेरी सीमा के कनगचेत्तिकुलम पहुंचे और विशेष प्रचार वैन में सवार होकर निकले। भारी भीड़ के कारण वाहन धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था। उन्हें सुबह 8:30 बजे थट्टनचावडी में अपना पहला प्रचार शुरू करना था, लेकिन वे वहां पूर्वाह्न 11:15 बजे पहुंचे।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सीआरपीएफ सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने बुजुर्गों एवं गर्भवती महिलाओं को रोककर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
अपना पहला कार्यक्रम समाप्त करने के बाद, अभिनेता विजय वेंकटसुब्बा रेड्डीआर प्रतिमा जंक्शन के लिए रवाना हुए, उनके वाहन के पीछे भारी भीड़ उमड़ रही थी,जिसे पुलिस ने रोक दिया।
बाद में, वह थवलकुप्पम जंक्शन के लिए रवाना हुए। समय की कमी के कारण उनके प्रचार कार्यक्रम को अनुमत चार घंटे के बजाय घटाकर तीन घंटे कर दिया गया।
इसे मद्देनजर अभिनेता विजय ने अपने चुनाव प्रचार को रोड शो में बदल दिया। उन्होंने एक घंटे 20 मिनट में 12 किलोमीटर की दूरी तय की और पुड्डुचेरी से रवाना हो गये। सभी स्थानों पर भारी भीड़ उमड़ी और लोग सुबह छह बजे से ही उनका इंतजार कर रहे थे।
इसी बीच, एक महिला भीषण गर्मी के कारण प्रचार अभियान के दौरान बेहोश हो गयी और उसे एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए श्री विजय का इंतजार कर रहे लोगों को टीवीके कार्यकर्ताओं द्वारा बिस्कुट और पानी की बोतलें दी गयीं।
उनका वाहन जब कनगचेत्तिकुलम से थट्टनचावडी जो रहा था, तो सड़क के दोनों ओर भीड़ उमड़ पड़ी और उनका प्रचार वाहन आगे नहीं बढ़ सका। पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया और भीड़ को तितर-बितर किया।अभिनेता से नेता बने विजय ने केंद्र शासित प्रदेश के लोगों को आश्वासन दिया कि वह पुड्डुचेरी को राज्य का दर्जा दिलाने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे, जहां उपराज्यपाल का कोई हस्तक्षेप नहीं होगा।
उन्होंने अगामी चुनावों के लिए थट्टनचावडी में प्रचार करते हुए कई वादे किये और लोगों से अपनी पार्टी को सरकार चलाने का एक मौका देने की अपील करते हुए कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है, तो सरकार बनने के छह महीने के भीतर स्थानीय निकाय चुनाव कराये जाएंगे।
श्री विजय ने मातृत्व सहायता के लिए 25,000 रुपये देने, सभी रिक्त सरकारी पदों को भरने, किसानों के लिए 100 प्रतिशत फसल बीमा, मछुआरों के लिए डीजल पर 20 रुपये प्रति लीटर की सब्सिडी, 25 लाख रुपये तक का चिकित्सा बीमा, बीपीएल परिवारों को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने के साथ-साथ यहां एक कला एवं विज्ञान विश्वविद्यालय स्थापित करने का भी वादा किया।
विपक्षी कांग्रेस-द्रमुक के इंडिया गठबंधन को भ्रमित और सत्ताधारी एआईएनआरसी-भाजपा एनडीए गठबंधन को मजबूरी का गठबंधन बताते हुए, श्री विजय ने अपनी टीवीके पार्टी के लिए "सीटी" चिह्न पर वोट मांगा। उन्होंने कहा कि राशन की दुकानों में चावल को छोड़कर बाकी सभी वस्तुएं वर्षों पहले बंद कर दी गयी और लाल कार्ड धारकों को 20 किलोग्राम चावल और पीले कार्ड धारकों को 10 किलोग्राम चावल दिया जा रहा है।
वर्ष 2016 में तत्कालीन उपराज्यपाल ने योजना में भ्रष्टाचार के कारण चावल की आपूर्ति रोक दी और डीबीटी का सहारा लिया। चूंकि राशन दुकानों को मासिक किराया नहीं दिया जा रहा था, इसलिए स्कूलों से चावल उपलब्ध कराया गया और राशन दुकानों के कर्मचारियों को पांच साल तक वेतन नहीं दिया गया।
श्री विजय ने कहा सत्ताधारी पार्टी के लोग बोल रहे थे कि वह तथ्यों को जाने बिना बोल रहे हैं, लेकिन अब यह जानकारी एक अखबार की वेबसाइट पर उपलब्ध है तो क्या अब उनकी तरफ से कोई जवाब आया है?टीवीके प्रमुख ने केंद्र शासित प्रदेश की जनता से टूटे हुए और अनुपयुक्त गठबंधन को वोट न देने का आग्रह करते हुए कहा कि अल्पसंख्यकों समेत सभी लोगों को सुरक्षा की जरूरत है। लोगों को अल्पसंख्यकों के नाम पर बने गठबंधन या अल्पसंख्यकों के खिलाफ बने गठबंधन पर भरोसा नहीं करना चाहिए। जनता के हित में काम करने वाले टीवीके उम्मीदवारों को चुनें और यह सोचकर कि आप विजय को वोट दे रहे हैं, टीवीके निश्चित रूप से आपकी जरूरतों को पूरा करेगी।
पड़ोसी राज्य तमिलनाडु में, उन्होंने विश्वास जताया कि 23 अप्रैल को होने वाले चुनावों के बाद टीवीके की सरकार बनेगी और इसी तरह पुड्डुचेरी में भी ऐसी ही सरकार होनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित