रुद्रप्रयाग, फरवरी 02 -- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में क्षय रोग के खात्में के लिए स्वास्थ्य विभाग विभाग के तत्वावधान में एक सौ दिवसीय नि-क्षय शिविर अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के तहत फरवरी एवं मार्च के लिए शिविर का रोस्टर जारी कर दिया है।
जिला क्षय अधिकारी डॅा. चौधरी ने बताया कि 100 दिवसीय नि-क्षय शिविर अभियान के तहत टीबी रोग को लेकर संवदेनशील आबादी (पूर्व टीबी से पीड़ित मरीजों, टीबी रोगियों के घरेलू संपर्कजनों, 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के व्यक्तियों, कुपोषित, धूम्रपान करने वाले व्यक्ति मधुमेह से पीडित व्यक्तियों तथा टीबी को लेकर उच्च जोखिम वाले चिन्हित गांवों में 14 वर्ष से अधिक समस्त आबादी) में नि-क्षय शिविर आयोजित कर रोगियों को खोजने के प्रयास तेज करने सहित टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत दी जा रही सेवाओं की पहुंच में और अधिक सुधार किया जाएगा।
उन्होंने बताय कि टीबी केसों की खोज के तहत स्क्रीनिंग, एक्सरे एवं बलगम जांच की जाएगी, साथ-साथ शीघ्र निदान, शीघ्र उपचार आरंभ करने व रोगियों को पोषण संबंधित सहायता में शामिल करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने बताया अभियान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है, जिसके तहत जिला, ब्लाक व स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर चिकित्सकों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, एनटीईपी कार्मिकों सहित स्वास्थ्य कर्मियों को संवेदीकृत करने के साथ-साथ पहले 60 दिन का रोस्टर तैयार कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित