नई टिहरी, मार्च 23 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर टिहरी गढ़वाल जनपद में "जन-जन की सरकार - 4 साल बेमिसाल" कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों, सुशासन और विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाया गया।
जिला मुख्यालय नई टिहरी सहित विभिन्न तहसील और ब्लॉक स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों का शुभारंभ मुख्य अतिथि किशोर उपाध्याय ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनपद का विकास जनसहयोग, विश्वास और सरकार की पारदर्शी नीतियों के चलते निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य में समान नागरिक संहिता लागू होने को ऐतिहासिक कदम बताया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी का देहरादून से सीधा संबोधन भी प्रसारित किया गया, जिसे बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने सुना। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर आयोजित किए गए, वहीं समाज कल्याण विभाग ने पेंशन, दिव्यांग प्रमाण पत्र और सहायक उपकरणों का वितरण किया। कृषि विभाग द्वारा स्वयं सहायता समूह को योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की गई। बाल विकास विभाग ने महालक्ष्मी किट वितरित की।
इसके साथ ही युवा कल्याण विभाग द्वारा मैराथन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विजेताओं को मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। शिक्षा और सूचना विभाग के सहयोग से स्कूली छात्र-छात्राओं एवं सांस्कृतिक दलों ने लोक नृत्य और लोकगीतों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति की झलक प्रस्तुत की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित