टिहरी , फरवरी 25 -- उत्तराखंड के टिहरी जनपद में अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष-2025 के क्रम में सहकारिता आंदोलन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बादशाहीथील स्थित नंदा की छैली (बंगाचली) खेल मैदान में 20 फरवरी से 26 फरवरी 2026 तक 'पर्यावरण संरक्षण एवं ईको टूरिज्म' थीम पर सहकारिता मेले का आयोजन किया जा रहा है।
मेले का आयोजन सहकारिता विभाग टिहरी और जिला सहकारी बैंक टिहरी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है।
बुधवार को कार्यक्रम की शुरुआत सुबह आठ बजे स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित योगाभ्यास से हुई। देवप्रयाग के विधायक विनोद कंडारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर आयुर्वेदिक विभाग ने 62 मरीजों का उपचार किया, जबकि होम्योपैथिक विभाग बौराड़ी, नई टिहरी ने 110 मरीजों को दवाएं वितरित कर उपचार प्रदान किया। कुल 172 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
मेले के दौरान पं. दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के अंतर्गत 71 लाभार्थियों को कुल 73 लाख रुपये के ऋण चेक वितरित किए गए। इसके अलावा पूर्व मे आयोजित पेंटिंग और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एलसीएम ब्राइट स्कॉलर्स एकेडमी के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सहकारिता विभाग और जिला सहकारी बैंक के अधिकारियों ने बताया कि सप्ताह भर चलने वाला यह मेला विभागीय समन्वय से सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित