टिहरी , दिसंबर 18 -- उत्तराखंड के टिहरी में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देश पर परिवहन विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में गुरुवार को टिहरी-बौराड़ी क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना पंजीयन, बिना बीमा, बिना कर, ओवरलोड, ओवरस्पीड, एचएसआरपी तथा बिना लाइसेंस वाहन चलाने सहित विभिन्न अभियोगों में कुल 15 वाहनों के चालान किए गए।
जांच के दौरान एक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। परिवहन विभाग ने संबंधित वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया, जबकि चालक को आगे की कार्रवाई के लिए टिहरी पुलिस के सुपुर्द किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित