टिहरी , जनवरी 27 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार को सभागार (खेल विभाग) नई टिहरी में प्रथम देवभूमि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय सहित गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। समारोह में जिला न्यायाधीश नितिन शर्मा, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, सीजेएम मो. याकूब, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आलोक राम त्रिपाठी सहित अनेक प्रशासनिक, न्यायिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
श्री उपाध्याय ने उत्तराखण्ड में यूसीसी लागू होने के एक वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यूसीसी सभी नागरिकों के लिए समान कानून, न्याय, पारदर्शिता तथा महिलाओं को समान अधिकार और सुरक्षा प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। एक वर्ष के अनुभव से यह स्पष्ट हुआ है कि यूसीसी से सामाजिक समरसता और न्याय की भावना मजबूत हुई है।
जिला न्यायाधीश शर्मा ने कहा कि यूसीसी समाज में समानता एवं न्याय को सुदृढ़ करने वाला कानून है। उन्होंने इसके प्रति आमजन में बढ़ती जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम नागरिकों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग बनाते हैं।
जिलाधिकारी खण्डेलवाल ने कहा कि यूसीसी की अवधारणा से लेकर उसके प्रभावी क्रियान्वयन तक की यात्रा ऐतिहासिक रही है। उन्होंने बताया कि टिहरी जिला की 1049 ग्राम पंचायतों में से 459 पंचायतें यूसीसी के अंतर्गत शत-प्रतिशत संतृप्त हो चुकी हैं। अब तक 34,387 पंजीकरण तथा 33,376 प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित