टिहरी गढ़वाल , जनवरी 30 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के विकासखंड चम्बा के कोटि कॉलोनी में आयोजित चार दिवसीय टिहरी एक्रो फेस्टिवल एवं नेशनल एसआईवी चैंपियनशिप 2026 का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुल 26 करोड़ 45 लाख 86 हजार रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

श्री धामी इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर श्री धामी सहित उपस्थित अतिथियों ने पैराग्लाइडिंग के लाइव शो का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों, बच्चों एवं जनसमूह का अभिनंदन करते हुए कहा कि टिहरी गढ़वाल अब बिजली उत्पादन के साथ-साथ पर्यटन और साहसिक खेलों का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल राज्य की वैश्विक पहचान बनती है, बल्कि पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी नई दिशा मिलती है।

उन्होंने कहा कि सरकार साइक्लिंग, पर्वतारोहण और पैराग्लाइडिंग जैसे साहसिक खेलों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। टिहरी में 400 से अधिक युवा पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिनके लिए रोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अब केवल आध्यात्मिक भूमि ही नहीं, बल्कि असीम संभावनाओं वाला राज्य बन चुका है।

श्री धामी ने इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में "हिमालयन ओ2" थीम पर टिहरी लेक महोत्सव का अनावरण किया गया। उन्होंने कहा कि यह पहल उत्तराखंड की स्वच्छ वायु को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए प्रत्यक्ष लाभकारी सिद्ध होगी।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में कुल 26 करोड़ 45 लाख 86 हजार रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें मोटर मार्गों का उन्नयन, विद्यालयों में विज्ञान प्रयोगशालाओं का निर्माण, पंचायत भवन, आयुर्वेदिक चिकित्सालय, जल गुणवत्ता परीक्षण प्रयोगशाला भवन, सुमन पार्क का पुनर्विकास, ग्रामीण मोटर मार्ग निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।

जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए बताया कि एक्रो फेस्टिवल का आयोजन टिहरी में तीसरी बार किया गया है, जिसमें 11 देशों के 25 अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों सहित नेशनल एसआईवी चैंपियनशिप में 27 प्रतिभागियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि हिमालयन ओ2 थीम के अंतर्गत छह से नौ मार्च तक जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित