टिहरी , अप्रैल 27 -- उत्तराखंड में टिहरी गढ़वाल जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन (जनता दरबार) कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनते हुए उनके त्वरित और समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने 51 से अधिक शिकायतें दर्ज कराईं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जिन मामलों में शासन स्तर पर कार्यवाही आवश्यक हो, उन्हें तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण करते हुए शिकायतकर्ताओं को भी अवगत कराया जाए।

जनसुनवाई के दौरान केमसारी टिन शेड निवासी छटांगी देवी ने अपने आवंटित टिन शेड पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर उपजिलाधिकारी टिहरी को जांच के निर्देश दिए गए। वहीं बौराड़ी निवासी राय सिंह नेगी ने पड़ोसी द्वारा दरवाजे के सामने सीढ़ियां बनाए जाने की शिकायत की, जिस पर भी जांच कर आख्या प्रस्तुत करने को कहा गया।

विकासखंड फकोट के ग्राम भिन्नू की सीमा देवी ने गंभीर बीमारी के उपचार के लिए देहरादून जाने में आ रही समस्याओं से अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने एडीएम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। चंबा-आराकोट क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा पेयजल संकट उठाए जाने पर जल संस्थान को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके अलावा बौराड़ी बस स्टैंड निवासी जगदम्बा प्रसाद पाण्डेय ने वर्ष 2011 में दुकान आवंटन के बावजूद स्टोर न मिलने की समस्या उठाई, जिस पर प्रभारी अधिकारी पुनर्वास को जांच के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन और समाधान पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के भी निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही सभी विभागों को 30 अप्रैल तक वार्षिक कार्य कैलेंडर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अतिरिक्त जिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी, उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित