टिहरी गढ़वाल , अप्रैल 01 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जनपद टिहरी में परिवहन विभाग द्वारा सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशों के अनुपालन में गठित टीमों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से जांच अभियान संचालित किया जा रहा है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

जिलाधिकारी ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि देर शाम एआरटीओ सत्येंद्र राज के नेतृत्व में कुठा-बीपुरम क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत कुल 43 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताओं के चलते 92 वाहनों को सीज किया गया।

जांच के दौरान एक स्कूटी चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा, जिसे तत्काल टिहरी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। संबंधित वाहन को भी मौके पर बंद कर दिया गया।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा में सहयोग दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित