टिहरी, अप्रैल 07 -- उत्तराखंड के टिहरी जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने मंगलवार को मुनि की रेती क्षेत्र में एक बोलेरो पिकअप से 60 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशों पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत की गई। पुलिस द्वारा जनपदभर में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
सूचना पर गुलर पुल के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक बोलेरो वाहन को रोका, तलाशी लेने पर वाहन से चंडीगढ़ मार्का अवैध अंग्रेजी शराब की 60 पेटियां बरामद हुईं। बरामद शराब की कीमत लगभग 50 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके से चालक सोनू निवासी रसूलपुर भनेड़ा, जिला बिजनौर और उसके साथी निपेंद्र निवासी मेमन, किरतपुर बिजनौर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शराब को हरिद्वार के शिवालिक नगर से श्रीनगर ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और इस अवैध शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित