टिहरी , अप्रैल 02 -- उत्तराखंड में टिहरी गढ़वाल जिले के लम्बगांव में गुरुवार तड़के एक क्रेसर डम्पर के गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन रांगड को सूचना मिली कि ग्राम क्यारी के पास चारगांव वाली रोड पर एक क्रेसर डम्पर दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और आपदा राहत कर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

घटना स्थल का निरीक्षण करने पर पाया गया कि डम्पर लगभग 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरा था। जिसमें में चालक सूरज राठौड (44) निवासी बेहराईच, उत्तर प्रदेश और लम्बगाँव का युवक गजेन्द्र रांगड (36) पुत्र स्व. धन सिंह रांगड, निवासी ग्राम रौणिया सवार थे।

जानकारी के अनुसार, डम्पर माल खाली कर वापस लौट रहा था। क्यारी गांव के ऊपर चारगांव रोड पर मन्दिर के पास ब्रेक फेल होने और चढ़ाई न चढ़ पाने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा।

स्थानीय लोगों और पुलिस टीम की मदद से तुरंत राहत एवं बचाव कार्य किया गया। दोनों घायलों को सीएचसी चौंड अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है ओर जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित