टिहरी , फरवरी 13 -- टिहरी गढ़वाल में नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में शुक्रवार को मुनि की रेती पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो शातिर नशा तस्करों को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है, जिसका लंबा आपराधिक इतिहास बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गोपाल जायसवाल उर्फ गोपाली और रेखा साहनी ने मिलकर एक संगठित गिरोह बना रखा था, जो आर्थिक लाभ के लिए ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में स्मैक जैसे घातक मादक पदार्थों की तस्करी करता था। गत तीन फरवरी को दोनों के खिलाफ थाना मुनि की रेती में गैंगस्टर एक्ट मे मुकदमा दर्ज किया गया था।
टिहरी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आयुष अग्रवाल के निर्देश पर गठित टीम ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को चंद्रेश्वर नगर से गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास काफी पुराना है और वे लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित