नयी दिल्ली , फरवरी 04 -- टर्किश एयरलाइंस के विमान के इंजन में उड़ान के दौरान आग लग जाने से उसकी कोलकाता में आपात लैंडिंग करायी गयी।

विमान में 236 यात्री सवार थे। कोलकाता में लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित उतारा गया।

उड़ान संख्या टीएचवाई727 ने नेपाल की राजधानी काठमांडू से तुर्की के इस्तांबुल शहर के लिए उड़ान भरी थी। रास्ते में उसके दाहिने इंजन में आग लग गयी। पायलट ने दोपहर बाद एक बजकर 38 मिनट पर आपात स्थिति की घोषणा करते हुए कोलकाता में उतरने की अनुमति मांगी जो उसे दे दी गयी।

बाद में पायलट ने एक बजकर 51 मिनट पर सूचित किया कि आग काबू में है। विमान एक इंजन पर उड़ान भरते हुए दोपहर बाद दो बजकर 31 मिनट पर कोलकाता हवाई अड्डे पर उतरा।

हवाई अड्डे पर पूर्ण आपात स्थिति घोषित कर अग्निशामकों, चिकित्सकों और अन्य संंबंधित एजेंसियों की टीम को तैयार रखा गया था।

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की स्थानीय टीम मुआयने के लिए मौके पर पहुंच चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित