चम्पावत , अप्रैल 11 -- सीमांत पिथौरागढ़ को जोड़ने वाले टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-09) के स्वाला भू-स्खलन प्रभावित क्षेत्र में चल रहे सुधारात्मक कार्यों के कारण 13 से 15 अप्रैल तक रात्रि में यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह निर्णय जिला प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।

जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मनीष कुमार ने बताया कि स्वाला क्षेत्र में पहाड़ी को स्थिर करने के लिए उपचारात्मक कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड लोहाघाट दीपक जोशी के अनुसार इस परियोजना के तहत कुल पांच बेंच निर्माण प्रस्तावित हैं, जिनमें से तीन का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि चौथी बेंच पर सीसी क्लैडिंग वॉल का निर्माण जारी है।

उन्होंने कहा कि यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे निर्धारित समय सीमा अप्रैल 2026 तक पूरा करना आवश्यक है। इसी के मद्देनजर 13 अप्रैल से 15 अप्रैल तक प्रतिदिन रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक स्वाला क्षेत्र में यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान केवल आपातकालीन सेवाओं, विशेष रूप से एम्बुलेंस को ही आवागमन की अनुमति दी जाएगी।

जिलाधिकारी ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराया जाए ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरा हो सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित