भिण्ड , जनवरी 20 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के मिहोना कस्बे में एक झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से 40 वर्षीय किसान की मौत हो गई। सर्दी-खांसी के इलाज के लिए क्लिनिक पहुँचे किसान को डॉक्टर द्वारा गलत इंजेक्शन लगाए जाने से उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से आरोपी डॉक्टर फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार जगनपुरा गांव निवासी अखिलेंद्र सिंह राजावत (40) को सर्दी-खांसी और जुकाम की शिकायत थी। वह 13 दिसंबर 2025 की दोपहर इलाज के लिए मिहोना कस्बे के कश्मीर क्षेत्र में संचालित झोलाछाप डॉक्टर विजय बंगाली की क्लिनिक पर गया था। इलाज के दौरान डॉक्टर ने जैसे ही उसे इंजेक्शन लगाया, उसकी हालत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन कुछ समझ पाते या बचाव का प्रयास करते, इससे पहले ही किसान की मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने हंगामा करते हुए डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू की।
जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर की लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस ने आज आरोपी विजय बंगाली के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी डॉक्टर मिहोना से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित