भोपाल , फरवरी 19 -- मध्य प्रदेश विधानसभा सत्र के चौथे दिन नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में गांधी प्रतिमा के समक्ष जोरदार एवं सांकेतिक प्रदर्शन किया।
कांग्रेस विधायक दल के सदस्यों ने हाथों में थाली लेकर सरकार द्वारा जनता को परोसे जा रहे 'ख्याली पुलाव' के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया। उनका आरोप था कि प्रदेश सरकार झूठे और खोखले वादों के सहारे काम कर रही है।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार केवल घोषणाओं और दावों के आधार पर चल रही है, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने नौकरियों को लेकर कई घोषणाएं कीं, लेकिन पिछले दो वर्षों से भर्तियां नहीं हो पा रही हैं, जिससे बेरोजगार युवाओं की संख्या बढ़ रही है। युवाओं को रोजगार के नाम पर केवल आश्वासन दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लाड़ली बहनों को तीन हजार रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया गया, लेकिन उन्हें भी अब तक केवल इंतजार करना पड़ रहा है। आम जनता बिजली बिलों से परेशान है, जबकि सरकार राहत के दावे कर रही है। स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अस्पतालों में पर्याप्त डॉक्टर और दवाइयों की उपलब्धता नहीं है, जबकि सरकार समुचित व्यवस्था का दावा करती है।
उमंग सिंघार ने कहा कि किसानों को खाद और बीज के लिए परेशान होना पड़ रहा है, जबकि सरकार खुशहाली के दावे कर रही है। ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि इस संबंध में ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। शिक्षा व्यवस्था पर भी उन्होंने सवाल उठाए।
नेता प्रतिपक्ष ने स्पष्ट किया कि यह केवल राजनीतिक प्रदर्शन नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के अधिकार और भविष्य की लड़ाई है। कांग्रेस पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी और विधानसभा से लेकर सड़क तक उनकी आवाज उठाती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित