गिरिडीह, 22नवम्बर (वार्ता) झारखण्ड के गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के सियाटांड के बाघेडी गांव में झुंड से बिछडा एक हाथी ने शनिवार को एक किसान को कुचल कर मार डाला।
मृतक का नाम जागो महतो बताया जा रहा है। किसान की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रोड जाम कर वन प्रमंडल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप था कि देवरी में दो दिन से जंगली हाथियो का दल विचरण कर रहा है। लेकिन वन विभाग भगाने को लेकर कोई पहल नही कर रहा। इसी कारण सुबह में जागो महतो की मौत हुई। रोड जाम किए जाने से दोनों और गाड़ियों का कतार लग गया। हालांकि मृतक के परिजनों को मुआवजा मिलने के बाद रोड जाम हटा दिया गया।
जानकारी के अनुसार जागो महतो पर दल से बिछड़े हाथी ने उस समय हमला किया, ज़ब वो अकेले घर के बाहर घूम रहा था, और अपने खेत जा रहा था। इसी दौरान हाथी ने उसे अपने चपेट में ले लिया, और जागो को पाँव से कुचल कर मार दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित