झुंझुनू , फरवरी 12 -- राजस्थान में झुंझुनू के जिला कलेक्टर डॉ अरुण गर्ग का व्हाट्सएप अकाउंट बुधवार को हैक हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हैकर द्वारा उनके परिचितों और संपर्क सूची में शामिल लोगों को संदेश भेजकर रुपये की मांग की जा रही है। जानकारी के अनुसार डॉ. अरुण गर्ग इन दिनों जयपुर में अपनी पुत्री के विवाह समारोह में व्यस्त हैं। इसी दौरान उनके व्हाट्सएप अकाउंट के हैक होने की जानकारी सामने आयी। जब परिचितों को संदिग्ध संदेश प्राप्त हुए तो मामले की सूचना डा गर्ग तक पहुंची।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉ. गर्ग ने तत्काल झुंझुनू पुलिस अधीक्षक को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने साइबर प्रकोष्ठ को सक्रिय करके जांच शुरू करवा दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह हैकिंग विदेश से, संभवतः वियतनाम से, किए जाने की आशंका जताई जा रही है। आधिकारिक पुष्टि हालांकि जांच के बाद ही होगी। कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने स्वयं भी अपने व्हाट्सएप स्टेटस के माध्यम से अकाउंट हैक होने की जानकारी साझा की है और सभी परिचितों से अनुरोध किया है कि वे किसी भी प्रकार के संदेश पर विश्वास न करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित