रांची , फरवरी 20 -- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज विधानसभामें कहा कि राज्य सरकार अंगदान को लेकर प्रदेश में कानून बनाएगी।
विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन शुक्रवार को भोजनावकाश के राज्यपाल के विभाजन पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अंगदान को लेकर देश और कई राज्यों में कानून बने, लेकिन जागरूकता का अभाव है। इसे लेकर झारखंड सरकार कानून बनाएगी ताकि अंगदान की मदद से लोगों का जीवन को बचाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण पर विपक्ष की ओर से कोई संशोधन प्रस्ताव नहीं लाया गया है। ऐसा पहली बार हुआ है। इसका मतलब है कि विपक्ष सरकार के कामकाज से संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि 2050 तक झारखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।
मुख्यमंत्री ने चर्चा में भाग लेने वाले सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि सरकार सभी सुझावों और आलोचनाओं का सम्मान करती है।
बाद में विपक्षी सदस्यों के बहिर्गमन के बीच राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। इसके साथ ही सदन की कार्यवाही को शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे दिन तक के लिए स्थगित कर दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित